रांची: रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर से दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं नौवीं कक्षा में पढ़ती हैं। एक छात्रा की मां ने रातू थाना में आवेदन देकर दोनों की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, दोनों छात्राएं 9 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे पंडरा स्थित कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटीं। जब परिजनों ने कोचिंग सेंटर से संपर्क किया तो पता चला कि दोनों वहां पहुंची ही नहीं थीं।
इसके बाद परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर दोनों छात्राओं की तलाश शुरू की। इसी दौरान परिजनों को कथित तौर पर जानकारी मिली कि राहुल लोहरा और सूरज लोहर दोनों छात्राओं को अपने साथ ले गए हैं।
परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में दोनों छात्राओं को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्राओं के लापता होने के बाद परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस की ओर से छात्राओं की बरामदगी और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


