रांची: झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने छात्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश, लाठीचार्ज और धरना स्थल पर सुविधाओं की कमी के बावजूद युवाओं ने अनुशासन के साथ आंदोलन जारी रखा, जो अभूतपूर्व है।
चंपई सोरेन ने कहा कि छात्रों के संघर्ष के सामने सरकार को झुकना पड़ा है, लेकिन यह जीत अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अगर युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच नहीं हुई, तो आने वाली पीढ़ियों को भी ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
चंपई सोरेन ने छात्रों को आंदोलन के पहले चरण में मिली जीत पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


