रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर झारखंड भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का फैसला किया है। अभियान के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं और मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में इसको लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।
कार्यशाला में आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में गरीबों और जरूरतमंदों तक केंद्र की योजनाएं पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ईमानदार नेतृत्व देश की तस्वीर और तकदीर बदल सकता है और नरेंद्र मोदी इसका उदाहरण हैं।
वहीं, बाबूलाल मरांडी ने मोदी सरकार के कार्यकाल को बेमिसाल बताते हुए कहा कि झारखंड में सड़क, रेलवे, मेडिकल कॉलेज, एम्स और गंगा नदी पर पुल समेत कई बड़े काम हुए हैं। उन्होंने MMDR कानून को झारखंड के लिए फायदेमंद बताया और कहा कि इससे राज्य के हितों को नुकसान नहीं होगा।
राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान में युवाओं, छात्रों, महिलाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ा जाए। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका लाभ लेने में भी मदद की जाए।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान की तैयारी के लिए 5, 6 और 7 सितंबर को जिला स्तरीय तथा 8, 9 और 10 सितंबर को मंडल स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हर घर में आशीर्वाद का दीया जलाने समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के अनुसार, पूरे एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


