देवघर। JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के आठवें दिन यात्रा देवघर पहुंची। नगर पुस्तकालय से शुरू हुई यात्रा टावर चौक होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंची। इसके बाद मधुपुर, इदगाह मोड़ और नारायणपुर में भी छात्र-युवाओं और आम लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
भारी बारिश के बावजूद देवघर में बड़ी संख्या में छात्र और युवा जुटे। आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि संथाल परगना में यात्रा का चरण पूरा हो गया है। यहां युवाओं, छात्रों और आम लोगों ने जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर आंदोलन को समर्थन दिया है।
महतो ने कहा कि संथाल परगना की ऐतिहासिक और क्रांतिकारी धरती से उन्हें संघर्ष की नई ऊर्जा मिली। उन्होंने सभी छात्र-युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों का आभार जताते हुए कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार का आंदोलन अब किसी एक व्यक्ति या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे झारखंड का जन आंदोलन बन चुका है।
उन्होंने बताया कि यात्रा अब धनबाद और बोकारो होते हुए कोल्हान प्रमंडल और इसके बाद पलामू प्रमंडल पहुंचेगी।
- देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार से युवाओं की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं के हित में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा।


