रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा कंप्यूटर ज्ञान और कंप्यूटर में हिंदी टंकण की योग्यता वाले पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जानी थी।
यह भर्ती विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत प्रस्तावित थी। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने 29 जुलाई 2026 को संबंधित पदों की अधियाचनाएं वापस लेने का निर्देश दिया था। इसके बाद JSSC ने भर्ती प्रक्रिया को समाप्त करने का फैसला लिया।
आयोग के मुताबिक, प्रशासनिक कारणों और विभागों की ओर से अधियाचनाएं वापस लिए जाने के कारण परीक्षा आयोजित करना संभव नहीं है। अब इन दोनों विज्ञापनों के तहत पहले शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।
JSSC के इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है, जो लंबे समय से परीक्षा और नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि, भविष्य में यदि सरकार और संबंधित विभाग इन पदों के लिए नई अधियाचना जारी करते हैं, तो JSSC की ओर से नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।


