धनबाद: टुंडी थाना क्षेत्र के बादलपुर काजी टोला में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 24 वर्षीय जाहिद अंसारी मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि जाहिद सुबह करीब 8 बजे टावर पर चढ़ा और पुलिस के सामने अपनी मांग रखी। उसने कहा कि उसकी बात मुख्यमंत्री या डुमरी विधायक जयराम महतो से कराई जाए।
कई घंटे की कोशिश के बाद पुलिस ने फोन पर जाहिद की विधायक जयराम महतो से बातचीत कराई। बातचीत होने के बाद युवक टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया।
नीचे आने के बाद जाहिद ने कहा कि वह अपनी परेशानी सीधे सरकार तक पहुंचाना चाहता था और अपनी बात किसी दूसरे माध्यम से नहीं, बल्कि सरकार के सामने रखना चाहता है।


