रांची:– राजधानी रांची के बरियातू रोड स्थित बुद्धिष्ट मिशन कैंपस में विश्व बुद्धा फाउंडेशन की ओर से प्रस्तावित महिला यूनिवर्सिटी का भूमि पूजन और फाउंडेशन का काम शुरू किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें दी गई जानकारी के अनुसार इस तरह की यूनिवर्सिटी अपने आप में अनूठी होगी। इसका उद्देश्य बेटियों को बचपन से लेकर उच्च शिक्षा तक पढ़ाई के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए तैयार करना है।
संस्था के अनुसार, यूनिवर्सिटी में शुरुआती स्तर पर 3 से 8 वर्ष तक की बच्चियों को प्रवेश देने की योजना है। छात्राओं को आगे की पढ़ाई के साथ व्यावसायिक शिक्षा भी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य में अपनी पसंद के क्षेत्र में रोजगार, व्यापार, उद्यम या सेवा के जरिए आत्मनिर्भर बन सकें।
रामदास अठावले ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने से महिला उत्पीड़न और भेदभाव जैसी सामाजिक समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस पहल को झारखंड के लिए गौरव की बात बताया।
वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. हरिश सांकृत्यायन ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य छात्राओं का उज्ज्वल भविष्य तैयार करना है। यहां प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा तक की व्यवस्था विकसित करने की योजना है, ताकि छात्राएं शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर भी बन सकें।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के ट्रस्टी अनिल कुमार तिवारी, रेखा शर्मा, विष्णु चौबे, बोधगया से आए भन्ते, विभिन्न यूनिट के प्राचार्य-प्राचार्या, शिक्षक, छात्र और संस्था के कर्मचारी समेत समाज के कई लोग मौजूद रहे।


