मयूरहंड: प्रखंड क्षेत्र के बाराडीह गांव में नव युवक क्लब का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि सुधीर कुमार यादव ने फीता काटकर क्लब का उद्घाटन किया और फुटबॉल मैच का शुभारंभ कराया। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि उमेश कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सुधीर कुमार यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। युवाओं को बेहतर मंच और सही मार्गदर्शन मिले तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बाराडीह गांव की सड़क, नाली, पुलिया समेत अन्य बुनियादी समस्याओं को संबंधित सांसद और विधायक तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। गांव के विकास के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा उन्होंने ग्रामीणों को दिया।
वहीं, फुटबॉल मुकाबले में कजराकी टीम ने चोरिया टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच को लेकर युवाओं और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में कप्तान छोटी कुमार, अध्यक्ष बालेश्वर भुइयां, सचिव बजरंगी यादव, कोषाध्यक्ष रोहित पासवान, संस्थापक पिंटू दांगी और पप्पू रजक तथा संचालक राजकुमार दांगी की भूमिका रही। टीम मैनेजमेंट में राकेश कुमार, अजय कुमार पासवान, विरोधी कुमार, विनोद दांगी और पिंटू रजक समेत अन्य सहयोगी सदस्य शामिल रहे।
आयोजन समिति ने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।


