नावाडीह/ डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम कुमार महतो ने मंगलवार को DVC मुख्यालय, कोलकाता में दामोदर घाटी निगम (DVC) के अध्यक्ष से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड में DVC की विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित स्थानीय लोगों, विस्थापितों, कैजुअल कर्मियों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
विधायक ने कहा कि DVC ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन परियोजनाओं से प्रभावित स्थानीय ग्रामीणों और विस्थापितों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने मांगों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने का आग्रह किया।
कैजुअल कर्मियों और विस्थापितों के मुद्दे उठाए
जयराम महतो ने DVC में कार्यरत कैजुअल कर्मियों को केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 13 फरवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार सुविधाएं देने तथा वर्तमान 13 कार्यदिवस को बढ़ाकर 26 दिन करने की मांग की।
उन्होंने विस्थापितों की अधिग्रहित जमीन का लंबित मुआवजा जल्द जारी करने, विस्थापितों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने और भुगतान का पारदर्शी विवरण उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
CSR, शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
मांग पत्र में BTPS से जुड़ी छूटी हुई पंचायतों को CSR के दायरे में शामिल करने की मांग की गई है। साथ ही CTPS की तर्ज पर BTPS में विस्थापित और स्थानीय बच्चों के लिए निःशुल्क ITI तकनीकी शिक्षा शुरू करने की मांग रखी गई।
DVC अस्पतालों में केवल रेफरल व्यवस्था खत्म करने, अनुभवी चिकित्सकों और स्टाफ की नियुक्ति, अस्पतालों को आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना से जोड़ने तथा CSR क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवा शुरू करने की मांग भी शामिल है।
गांवों में सड़क, पानी और बिजली की मांग
ग्रामीण छात्रों और नागरिकों की सुविधा के लिए पोखरिया से K.B. कॉलेज जरंगडीह तथा मानपुर से चंद्रपुरा तक बस सेवा शुरू करने की मांग की गई।
कृषि आधारित डुमरी विधानसभा क्षेत्र में नए चेक डैम बनाने और सोलर आधारित वाटर लिफ्ट इरिगेशन की व्यवस्था करने की मांग भी विधायक ने रखी।
इसके अलावा फ्लाई ऐश के अनियमित परिवहन और डंपिंग पर रोक लगाने, साइलो सिस्टम एवं आधुनिक तकनीक से प्रदूषण नियंत्रण, परियोजना के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों में बेहतर स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
स्कूलों की चारदीवारी और कौशल प्रशिक्षण केंद्र की मांग
BTPS क्षेत्र के उच्च विद्यालय पिपराडीह और उच्च विद्यालय पलामू में चारदीवारी निर्माण की मांग भी पत्र में शामिल है।
विधायक ने स्थानीय युवाओं के लिए एक उच्च स्तरीय विद्युत कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को DVC में रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता मिल सके।
जयराम कुमार महतो ने कहा कि DVC प्रबंधन को इन न्यायसंगत मांगों पर जल्द कार्रवाई करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए, ताकि स्थानीय जनता और विस्थापितों को उनका अधिकार मिल सके।


