रांची:- राजधानी रांची के हीनू स्थित शुक्ला कॉलोनी में इस वर्ष सनातन संघ दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन सड़क से हटकर खुले स्थान पर किया जाएगा। करीब 32 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार पूजा स्थल में बदलाव किया है।
समिति के अध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल की थीम बंगाल की लोकप्रिय खाद्य संस्कृति से प्रेरित होगी। पंडाल में गोलगप्पे की छोटी टोकरी और चना-चूर खाने वाले कोण को थीम का हिस्सा बनाया जा रहा है। पंडाल की ऊंचाई करीब 45 से 55 फीट और चौड़ाई लगभग 60 फीट होगी।
11 फीट ऊंची होगी मां दुर्गा की प्रतिमा
पूजा का मुख्य आकर्षण करीब 11 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा होगी। प्रतिमा में मां दुर्गा को महिषासुर का वध करते हुए दर्शाया जाएगा। समिति के अनुसार प्रतिमा में शक्ति और सौम्यता का संतुलित स्वरूप देखने को मिलेगा।
यातायात को देखते हुए बदला पूजा स्थल
समिति अध्यक्ष ने बताया कि पहले सड़क पर पूजा आयोजित होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ से आवागमन प्रभावित होता था। क्षेत्र में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए इस बार खुले स्थान का चयन किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिलेगा और आम लोगों को भी यातायात की परेशानी कम होगी।
विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
पूजा के दौरान भव्य विद्युत सज्जा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए भोग और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी। महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था के साथ सुरक्षा के भी इंतजाम किए जाएंगे।
आयोजन को सफल बनाने में अमित कुमार, उमेश शर्मा, देवेश झा, राजेश कुमार सोनू, विनय सिंह, राजीव शर्मा, अमित तिवारी, राकेश शर्मा, अनीश यादव और सिद्धार्थ झा समेत समिति के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आसपास की महिलाएं भी आयोजन में सहभागिता करेंगी।
सनातन संघ दुर्गा पूजा समिति ने रांचीवासियों, विशेषकर हीनू, शुक्ला कॉलोनी और आसपास के श्रद्धालुओं से पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने का आग्रह किया है।


