रांची:- चुटिया थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का भरोसा देकर करीब एक महीने तक संबंध बनाए रखने, बाद में शादी से इनकार करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती ने चुटिया थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सुरक्षा देने की मांग की है।
युवती के अनुसार, वह करीब दो महीने पहले रोजगार की तलाश में सिल्ली से रांची आई थी और चुटिया क्षेत्र की एक चाय दुकान में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान दुकान के पास रहने वाले संदीप साहू से हुई। युवती का आरोप है कि बातचीत के दौरान संदीप ने उससे शादी करने और उसे अपने साथ रखने का भरोसा दिया।
युवती ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के भरोसे के बाद दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। जब वह शादी को लेकर आरोपी से बात करती थी, तो वह किसी न किसी बहाने से बात टाल देता था। 18 सितंबर 2026 को जब युवती ने शादी को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।
आरोपी के पहले से शादीशुदा होने का लगाया आरोप
युवती का कहना है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि संदीप साहू पहले से शादीशुदा है। उसका आरोप है कि आरोपी ने यह बात उससे छिपाई और शादी का भरोसा दिया। इसके बाद उसने दुकान के मालिक और आरोपी के परिवार के लोगों से भी बात की, लेकिन उसे सहयोग नहीं मिला।
युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने मामले को लेकर विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
युवती भी पहले से शादीशुदा होने की बात सामने आई
मिली जानकारी के अनुसार, युवती भी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। दोनों बच्चे फिलहाल अपने पिता के साथ रहते हैं। बताया गया है कि युवती करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है और रोजगार के सिलसिले में रांची आई थी।
थाना के बाद SSP कार्यालय पहुंची युवती
युवती का आरोप है कि 18 सितंबर को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद वह चुटिया थाना पहुंची थी, लेकिन उसकी शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। उसने थाना प्रभारी पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
इसके बाद युवती SSP कार्यालय पहुंची और अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी। वहां से उसे दोबारा चुटिया थाना भेजा गया। युवती के अनुसार, बातचीत के बाद उसे बताया गया कि मंगलवार शाम प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अब युवती ने अपने लिखित आवेदन में आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष जांच और कथित धमकी को भी जांच में शामिल करने की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच और प्राथमिकी की स्थिति की जानकारी आधिकारिक रूप से सामने आने के बाद ही आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।


