रांची। पंचायतों से जुड़ी शिकायतों के निपटारे को लेकर केंद्र सरकार ने झारखंड को निर्देश जारी किया है। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने कहा है कि पंचायतों से संबंधित लोक शिकायतों का निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।
मंत्रालय की ओर से झारखंड के पंचायती राज विभाग को भेजे गए पत्र में स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का 21 दिनों के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
लोक शिकायत पोर्टल पर दर्ज मामलों का होगा समाधान
मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि केंद्र के लोक शिकायत पोर्टल पर पंचायतों से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर समय पर कार्रवाई की जाए। शिकायत के निपटारे के बाद इसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता के साथ-साथ पंचायती राज मंत्रालय को भी उपलब्ध करानी होगी।
इस संबंध में पंचायती राज मंत्रालय के अवर सचिव ने झारखंड के पंचायती राज निदेशक को पत्र भेजा है।
केंद्र के इस निर्देश के बाद पंचायतों से जुड़ी शिकायतों को तय समय-सीमा में निपटाने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देने पर जोर दिया गया है।


