रांची:- भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए कई राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसी क्रम में झारखंड के दो नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा और राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश BJP का सह प्रभारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ डॉ. प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, जगदीश पटेल और मेधा कुलकर्णी सह प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। BJP की ओर से जारी नई सूची में इन नियुक्तियों की जानकारी दी गई है।
झारखंड BJP के प्रभारी बने गजेंद्र पटेल
वहीं, झारखंड BJP के लिए भी नई जिम्मेदारी तय की गई है। गजेंद्र पटेल को झारखंड प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
संगठन में लंबा अनुभव
डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा दोनों ही BJP संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। डॉ. प्रदीप वर्मा झारखंड से राज्यसभा सांसद हैं और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वहीं, अनंत ओझा राजमहल से विधायक रह चुके हैं और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP के इस संगठनात्मक बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में संगठन के कामकाज के लिए नए प्रभारियों और सह प्रभारियों की टीम तय की है।


