रांची: राजधानी रांची में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अरगोड़ा निवासी प्रभा सिन्हा का मोबाइल हैक होने के बाद उनके बैंक खाते से 4.92 लाख रुपये की निकासी कर ली गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, 2 सितंबर को उनका मोबाइल हैक हो गया था। इसके बाद जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जानकारी ली तो पता चला कि खाते से बड़ी रकम की निकासी हो चुकी है। बताया गया है कि यह रकम डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के तहत खाते से निकाली गई।
बैंक खाते से 4.92 लाख रुपये गायब होने की जानकारी मिलने के बाद प्रभा सिन्हा साइबर क्राइम थाना पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला का मोबाइल किस तरीके से हैक किया गया और बैंक खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई।
पुलिस साइबर अपराधियों तक पहुंचने के लिए मोबाइल और बैंक खाते से जुड़ी गतिविधियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।


