रांची:- झारखंड के तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन (TTPS) में कोयले की कमी के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। पर्याप्त कोयला नहीं मिलने की वजह से स्टेशन की यूनिट नंबर-2 25 सितंबर से बंद है।
फिलहाल यूनिट नंबर-1 से करीब 155 से 160 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। वहीं, कोल यार्ड में अब करीब 20 से 22 हजार मीट्रिक टन कोयला ही बचा है। अगर कोयले की आपूर्ति जल्द नहीं बढ़ी, तो चालू यूनिट के संचालन पर भी असर पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार को टीटीपीएस को कोयले का एक भी रैक नहीं मिला। सोमवार सुबह एक रैक कोयले की आपूर्ति हुई, लेकिन परियोजना प्रबंधन के अनुसार मौजूदा स्टॉक और दोनों यूनिटों की जरूरत को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है।
बताया गया है कि सितंबर महीने में करीब 50 रैक कोयले की जरूरत थी, जबकि सीसीएल की ओर से सिर्फ 17 रैक कोयला मिलने की बात सामने आई है। अक्टूबर में भी कोयले की आपूर्ति अभी जरूरत के मुताबिक नहीं हो पाई है।
ऐसे में कोयले की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने पर टीटीपीएस में बिजली उत्पादन पर आगे भी असर पड़ने की आशंका है।


