रांची:– सरना सदान मूलवासी मंच और केंद्रीय सरना समिति के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर करम मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ और रांची की महापौर रोशनी खलखो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य पाहन जगलाल पाहन ने पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ भेलवा फाड़कर की। इसके बाद पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की गई। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और करम पर्व की खुशियां मनाईं।
मुख्य पाहन जगलाल पाहन ने कहा कि आज अपनी धर्म, संस्कृति और परंपराओं को बचाने की जरूरत है। आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना होगा और उन्हें अपनी संस्कृति के बारे में जानकारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों और परंपराओं को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने कहा कि समाज अपने पूर्वजों की व्यवस्था और परंपराओं को आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए वीर शहीदों ने जिस सोच और सपने के साथ संघर्ष किया था, वह सपना अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने धर्म, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।
समारोह में पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुति हुई। इससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के साथ करम पर्व मनाया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, मुख्य पाहन जगलाल पाहन, करम मिलन समारोह के मुख्य संरक्षक सन्नी टोप्पो, सरना सदान मूलवासी मंच की अध्यक्ष अर्चना मिर्धा, करन नायक, मुकेश मुंडा, आशीष मुंडा, विशाल मंडा, नरेश पाहन, शोभा कच्छप, प्रदीप मुंडा, अशोक मुंडा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


