मांडर में जमीन विवाद को लेकर रामू उरांव की हत्या, पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

Date:

रांची:- रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रामू उरांव (55) की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपियों के बीच पिछले करीब 10 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते साजिश रचकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।

 

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव स्थित डेयरी के पास सेवाडीह निवासी रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद मांडर थाना प्रभारी, खलारी के पुलिस उपाधीक्षक और आसपास के थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर मांडर थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज किया गया।

 

एसआईटी ने जांच के बाद किया मामले का खुलासा

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में खलारी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की।

 

पुलिस ने छापेमारी कर राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को गिरफ्तार किया था। इन तीनों को 30 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों को 1 नवंबर को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

 

10 साल से चल रहा था जमीन विवाद

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामू उरांव और उनके बीच जमीन को लेकर पिछले 10 वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर साजिश के तहत हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।

 

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

 

पांच गिरफ्तार आरोपियों के नाम

 

1. राम जनम सिंह (50 वर्ष)

2. तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह (32 वर्ष)

3. धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह (27 वर्ष)

4. कुलदीप सिंह (करीब 40 वर्ष)

5. राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह (करीब 29 वर्ष)

 

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी रांची जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के अड़ा गांव के निवासी हैं।

 

छापेमारी टीम में ये पुलिस अधिकारी थे शामिल

 

कार्रवाई में खलारी के पुलिस उपाधीक्षक रामनारायण चौधरी, मांडर अंचल के पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा, मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली, ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार, चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार सहित मांडर और ठाकुरगांव थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related