गुमला की 15 वर्षीय किशोरी को 20 हजार रुपये में बेचने का आरोप, राजस्थान में 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन कराई शादी

Date:

गुमला: झारखंड के गुमला जिले से मानव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बिशुनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को काम दिलाने का झांसा देकर राजस्थान ले जाया गया और वहां 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर उसकी शादी 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन करा दी गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, गांव की ही एक महिला किशोरी को रोजगार दिलाने का झांसा देकर दिल्ली ले गई थी। वहां से उसे राजस्थान पहुंचाया गया, जहां कथित तौर पर एक 50 वर्षीय व्यक्ति के हाथों 20 हजार रुपये में सौदा कर दिया गया। इसके बाद उसकी जबरन शादी करा दी गई।

 

किशोरी का आरोप है कि शादी के बाद उसे घर में बंद करके रखा जाता था। उसके साथ मारपीट और यौन शोषण भी किया जाता था। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।

 

हालांकि, किशोरी ने मौका पाकर वहां से भागने में सफलता हासिल की। वह राजस्थान से दिल्ली और फिर दिल्ली से रांची होते हुए किसी तरह अपने घर पहुंची। घर लौटने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

 

इसके बाद किशोरी अपने परिजनों के साथ बिशुनपुर थाना पहुंची और लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि वहां से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने अहातु थाना में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

 

नाबालिग की तस्करी और जबरन शादी के इस मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related