रांची: बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज हो गया। रांची, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और चतरा समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 25 सितंबर को झारखंड के 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
बारिश के दौरान कुछ इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असर
बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट को पार कर चुका है। इसके प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदला है और कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।
गुरुवार को रांची, गुमला और खूंटी समेत कई इलाकों में बारिश हुई। गिरिडीह में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि चतरा में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही।
27 सितंबर तक वज्रपात और तेज हवा की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
हालांकि, 25 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। 26 और 27 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह
लगातार बारिश के बीच किसानों को खेतों में जलजमाव से बचाव करने की सलाह दी गई है। खासकर ऊपरी जमीन पर लगी फसलों में पानी जमा न होने देने पर ध्यान देने की जरूरत है।
वज्रपात और तेज हवा की संभावना को देखते हुए किसानों और आम लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।


