धनबाद: डुमरी विधायक जयराम महतो को बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 मामले में धनबाद की MP-MLA विशेष अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने जयराम महतो की अग्रिम जमानत मंजूर कर ली है। उनके साथ सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल को भी अग्रिम जमानत दी गई है।
यह मामला 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना में हुई घटना से जुड़ा है। आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। इसके अलावा सरकारी काम में बाधा डालने और हाजत में रखे गणेश दास को छुड़ाने का प्रयास करने के आरोप भी लगाए गए थे।
घटना के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था। एसोसिएशन की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। साथ ही गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।
अब MP-MLA विशेष अदालत से अग्रिम जमानत मिलने के बाद जयराम महतो समेत चार लोगों को इस मामले में फिलहाल बड़ी कानूनी राहत मिली है। मामले में आगे की प्रक्रिया अदालत में जारी रहेगी।


