रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार शाम हैदराबाद से रांची लौट आए। मुख्यमंत्री पिछले करीब एक सप्ताह से अपनी मां रूपी सोरेन के इलाज के सिलसिले में हैदराबाद में थे। उनके साथ पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, बहन अंजली सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। सभी सोमवार को सेवा विमान से रांची पहुंचे।
बताया गया कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन और बहन अंजली सोरेन के साथ मां के इलाज के लिए हैदराबाद गए थे।
MMDR एक्ट पर सरकार कर सकती है समीक्षा
मुख्यमंत्री के रांची लौटने के बाद अब राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। इनमें MMDR एक्ट भी प्रमुख मुद्दा है। कानून लागू होने के बाद झारखंड पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर राज्य सरकार फिर से समीक्षा कर सकती है।
सरकार इस कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री की वापसी के बाद इस मामले में सरकार की आगे की रणनीति पर नजर रहेगी।
JMM-कांग्रेस के प्रदर्शन की भी तैयारी
MMDR एक्ट के मुद्दे को लेकर JMM और कांग्रेस की ओर से राज्यभर में प्रदर्शन की तैयारी की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री के रांची लौटने के बाद गठबंधन के स्तर पर भी इस मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर बैठक और चर्चा तेज हो सकती है।
सुदिव्य सोनू के श्राद्धकर्म में शामिल होंगे हेमंत-कल्पना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म में भी शामिल होंगे। सुदिव्य सोनू के निधन के बाद झारखंड की राजनीति में शोक के साथ-साथ सरकार के सामने कई प्रशासनिक और राजनीतिक चुनौतियां भी सामने आई हैं।
अब मुख्यमंत्री के रांची लौटने के बाद MMDR एक्ट पर सरकार के अगले कदम और राज्यव्यापी आंदोलन की रणनीति को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ने की संभावना है।


