हरमू चौक का नामकरण अब ‘विकसित भारत संकल्प चौक’, भाजपा ने किया कार्यक्रम

Date:

रांची: राजधानी रांची के प्रमुख हरमू चौक का नामकरण अब ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ के नाम से किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस की शक्ल में लोग हरमू चौक पहुंचे, जहां चौक का नामकरण ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया गया।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के 100वें वर्ष यानी 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाना देश के हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के 140 करोड़ लोगों की भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है। हरमू चौक से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, ऐसे में इसका नया नाम लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका की याद दिलाता रहेगा।

आदित्य साहू ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित होगी। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम में हेमंत दास, शशांक राज, संदीप वर्मा, शोभा यादव, सतीश सिन्हा, सीमा सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह, वरुण साहू, आरती सिंह, सुनील साहू, सुचिता सिंह, रंजीता सिंह और ललित ओझा समेत कई लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related