रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के राहुल गांधी और हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठाते रहे हैं। ऐसे में भाजपा का उन पर सवाल उठाना समझ से परे है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि देश में पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ियों को लेकर उसने केंद्र सरकार से कितनी बार जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र अपने अधिकार और भविष्य के लिए आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस छात्रों की जायज मांगों, निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के समर्थन में है। समस्याओं का समाधान राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि बातचीत और गंभीर फैसलों से होना चाहिए।
कमलेश ने भाजपा के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें झारखंड में पुलिस कार्रवाई को राहुल गांधी के इशारे से जोड़ने की बात कही गई है। उन्होंने इसे बेबुनियाद बताते हुए भाजपा से अपने आरोपों का आधार बताने को कहा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह वास्तव में छात्रों और युवाओं के हित में है तो केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर देशभर में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करवाए और पेपर लीक व परीक्षा अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई कराए।
उन्होंने कहा कि छात्रों को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि न्याय और समाधान चाहिए। कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की आवाज लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।


