
रांची, 24 जुलाई 2026: झारखंड में JPSC परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अल्बर्ट एक्का चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर JPSC परीक्षा में कथित धांधली और कांग्रेस की चुप्पी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहले जिला स्कूल (शहीद चौक) में एकत्र हुए। इसके बाद हाथों में तख्तियां और राहुल गांधी का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी का पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देशभर में परीक्षा में पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन झारखंड में JPSC और अन्य भर्ती परीक्षाओं में उठे सवालों पर चुप्पी साधे हुए है।
रांची की मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि JPSC और JSSC-CGL जैसी भर्ती परीक्षाओं में उठे गंभीर सवालों पर कांग्रेस और झामुमो को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है।
भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि पार्टी झारखंड के युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। वहीं जिला प्रभारी भरत यादव ने भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उप महापौर नीरज कुमार ने भी कहा कि भाजपा युवाओं के हित, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और पारदर्शी व्यवस्था के लिए अपना लोकतांत्रिक आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।
इस प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

