झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। छात्र संगठन ने घोषणा की है कि 25 जुलाई से रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह धरना शुरू किया जाएगा।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्रों ने बताया कि JPSC की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। उनका दावा है कि जांच का दायरा JSSC की परीक्षाओं तक भी पहुंच चुका है और परीक्षा आयोजित करने वाली ब्लैकलिस्टेड एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। इसी कारण छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ी है।
छात्रों ने “JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाअभियान” शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। पहले चरण में 25 जुलाई से बापू वाटिका में सत्याग्रह धरना शुरू होगा। इसकी सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है।
मीडिया से बातचीत में छात्र प्रतिनिधि दीनबंधु मंडल ने कहा कि जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने मांग की कि JPSC और JSSC की विवादित परीक्षाओं की CBI से जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक संबंधित परीक्षाओं को रद्द किया जाए।
प्रेस वार्ता में राम अवतार महतो, दीनबंधु मंडल, बृजभूषण झा, संदीप कुमार गुप्ता, रवि कुमार और संजय साहू सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Date:

