गिरिडीह:- झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचीं। यहां उन्होंने दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
डीजीपी ने दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। गिरिडीह पहुंचने पर जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद डीजीपी सीधे सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचीं।
परिजनों से मुलाकात कर जताई संवेदना
श्रद्धांजलि देने के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा ने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि “दुख की इस कठिन घड़ी में पूरा पुलिस प्रशासन परिवार के साथ मुस्तैदी से खड़ा है।”
डीजीपी के परिजनों से मुलाकात के दौरान माहौल काफी भावुक हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम नजर आईं।
इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी डीजीपी के साथ मौजूद रहे।


