रांची: झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम केंद्र रांची ने 28 से 31 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
28 अगस्त: चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में गरज के साथ वज्रपात और तेज हवा को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
29 अगस्त: दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है।
30 अगस्त: उत्तर-पूर्वी झारखंड, धनबाद और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
31 अगस्त: दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का अलर्ट है।
राजधानी रांची में भी 28 से 31 अगस्त तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। सितंबर की शुरुआत में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।


