
देवघर: श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आए। उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के चरण दबाकर उनकी थकान दूर करने का प्रयास किया और उनका हालचाल भी जाना।
इस दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि “सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं और संवेदना से बढ़कर कोई पूजा नहीं। बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य और आशीर्वाद है।”
श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री की यह सेवा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। कई श्रद्धालुओं ने इसे मानवता, सेवा भाव और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया।
श्रावणी मेले के दौरान राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए किसी सम्मान से कम नहीं है। उन्होंने सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना भी की।

