रांची: जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह है। मुकाबले के टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को होगी। अगर टिकट बचते हैं तो 7 अक्टूबर को भी बिक्री की जा सकती है।
टिकट खरीदने के लिए जेएससीए स्टेडियम में कुल 6 काउंटर बनाए गए हैं। इनमें 4 काउंटर सामान्य दर्शकों के लिए होंगे, जबकि एक काउंटर महिलाओं और एक दिव्यांग दर्शकों के लिए आरक्षित रहेगा। टिकट बिक्री का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक होगा।
एक व्यक्ति को मिलेंगे अधिकतम 2 टिकट
जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडेय के अनुसार, टिकट खरीदने वाले एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट ही दिए जाएंगे। ऑफलाइन बिक्री के साथ ऑनलाइन टिकट भी उपलब्ध होंगे। दर्शक District.in की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए टिकट खरीद सकेंगे।
1,600 से 18 हजार रुपये तक टिकट
अलग-अलग कैटेगरी के अनुसार टिकट की कीमत तय की गई है। सामान्य सीटों से लेकर प्रीमियम और हॉस्पिटैलिटी बॉक्स तक टिकट उपलब्ध हैं। टिकट की कीमत 1,600 रुपये से लेकर 18,000 रुपये तक बताई गई है।
भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारी
टिकट खरीदने के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए काउंटरों के आसपास 8 फीट ऊंची बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेडिंग इस तरह की गई है कि दर्शक कतार तोड़कर दूसरी लाइन में नहीं जा सकें।
भारत-वेस्टइंडीज के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का माहौल अभी से बनना शुरू हो गया है। 7 अक्टूबर को दोनों टीमों के रांची पहुंचने की उम्मीद है।


