चतरा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान केशरी चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई। राज्य के अन्य जिलों में भी झामुमो ने SIR को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुतला दहन से पहले झामुमो कार्यकर्ताओं ने थाना के सामने स्थित मैदान में बने जिला कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। मार्च जतराहीबाग चौक और गंदौरी मंदिर होते हुए केशरी चौक पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद पुतला दहन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो जिला सचिव चंद्रदेव साहू ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों के लिए पुराने दस्तावेज जुटाना मुश्किल हो सकता है और इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
चंद्रदेव साहू ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते या उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, झामुमो का विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन में नितेश कुमार राणा, रवि कुमार, राहुल यादव, रुपेश यादव, उपेंद्र राम, बबलू पासवान, करमजीत यादव, गोविंद यादव, शुभम कुमार, कुणाल सिंह, छोटू भाई, अभिषेक निषाद, विवेक कुमार, मनोज वर्मा, धीरेंद्र सिंह, सिंकु सिंह, मनीष कुमार, लवकुश कुमार, रंजीत प्रजापति, राजन पासवान, मुकेश कुमार, राकेश यादव, चंदन यादव, दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


