रांची। सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर झारखंड और बिहार के बीच वर्षों से चले आ रहे विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे को लेकर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लंबे समय से इस मुद्दे पर तकनीकी और आपसी स्तर पर बातचीत चल रही थी। अब दोनों राज्यों के बीच सहमति बनने से सोन नदी के पानी के बेहतर इस्तेमाल का रास्ता साफ होगा।
सीएम ने कहा कि यह समझौता झारखंड के जल हितों की रक्षा, किसानों को लाभ पहुंचाने, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और राज्य की भविष्य की जल जरूरतों को पूरा करने की दिशा में अहम कदम है।
वर्षों से लंबित इस मुद्दे पर सहमति बनने के बाद झारखंड में सिंचाई और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।


