चंदवा में ब्राउन शुगर के कारोबार पर लोहरदगा पुलिस की कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार; 98 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

Date:

चंदवा के दो युवक भी गिरफ्तार, काले रंग की महिंद्रा थार जब्त; पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी

 

चंदवा/लोहरदगा। चंदवा क्षेत्र में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ लोहरदगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 98 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और एक काले रंग की महिंद्रा थार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में चंदवा थाना क्षेत्र के दो युवक भी शामिल हैं।

 

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-कुडू मार्ग से काले रंग की महिंद्रा थार में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी की योजना बनाई।

 

गुप्त सूचना पर बनाई गई छापेमारी टीम

 

पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद और कुडू थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। कुडू अंचलाधिकारी संतोष उरांव की मौजूदगी में केरवाडी मोड़ के पास निगरानी शुरू की गई।

 

इसी दौरान संदिग्ध महिंद्रा थार वहां पहुंची। वाहन से दो लोग उतरकर एक निर्माणाधीन मकान की ओर गए। पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां मौजूद आठ लोगों के पास से एल्यूमिनियम फॉयल में पैक ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

 

चंदवा के दो युवक भी गिरफ्तार

 

गिरफ्तार आरोपियों में चंदवा थाना क्षेत्र के रितु राज जायसवाल उर्फ रितु राज कुमार (24 वर्ष), निवासी कुसुम टोली और सोनू राज कुमार (28 वर्ष), निवासी लुकैया मोड़ शामिल हैं। इनके अलावा रांची के अलग-अलग इलाकों के छह अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

 

थार समेत कई सामान जब्त

 

पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 98 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और काले रंग की महिंद्रा थार (JH01FX0060) जब्त की है। जब्त वाहन चंदवा के लुकुईया क्षेत्र की बताई गई है।

 

चंदवा में नशे के कारोबार को लेकर बढ़ी चिंता

 

चंदवा क्षेत्र में दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद नशे के अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर युवाओं के बीच नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता जताई जा रही है।

 

लोगों के सामने सवाल है कि इस कारोबार के पीछे कौन लोग हैं और मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से की जा रही है। पुलिस जांच से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

 

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

 

इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 95/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 21(b), 22(b) एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related