रांची: राजधानी रांची में मानवता की मिसाल पेश करते हुए मुक्ति संस्था की ओर से रिम्स में पड़े 43 लावारिस शवों का रविवार को जुमार नदी तट पर सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया। संस्था के सदस्यों ने पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ शवों को अंतिम विदाई दी।
मुक्ति संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने शवों को मुखाग्नि दी। इस दौरान संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे और अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
मुक्ति संस्था के अनुसार, इन लावारिस शवों का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक किया गया, ताकि उन लोगों को भी गरिमापूर्ण विदाई मिल सके, जिनके अंतिम समय में उनके अपने लोग मौजूद नहीं थे।
संस्था की ओर से लंबे समय से लावारिस शवों के अंतिम संस्कार की पहल की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से ऐसे लोगों को अंतिम सम्मान देने का प्रयास किया जाता है, जिनकी पहचान या परिजनों का पता नहीं चल पाता है।
मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की इस पहल को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


