लातेहार: जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव में छापेमारी कर टीएसपीसी के कथित नक्सली रोहन गंझू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है।
बताया गया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एक कमांडर अपने घर आया हुआ है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बरवाटोली गांव में छापेमारी की और रोहन गंझू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लातेहार के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


