रांची:- झारखंड की राजनीति से जुड़ी एक खबर सामने आई है। दुमका के विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई है। खबर के मुताबिक, उनका इलाज सिंगापुर के एक अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, उनकी बीमारी और वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर परिवार की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बसंत सोरेन के अस्वस्थ होने की खबर मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
बाबूलाल मरांडी ने मां दुर्गा से की प्रार्थना
बाबूलाल मरांडी ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बसंत सोरेन के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
उन्होंने लिखा कि दुमका के विधायक बसंत सोरेन के अस्वस्थ होने की सूचना मिली है। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि वे उन्हें जल्द पूरी तरह स्वस्थ करें और उत्तम स्वास्थ्य तथा लंबी उम्र का आशीर्वाद दें। उन्होंने यह भी कामना की कि बसंत सोरेन जल्द स्वस्थ होकर दोबारा जनसेवा के कामों में सक्रिय हों।
सिंगापुर में चल रहा है इलाज
मिली जानकारी के अनुसार, बसंत सोरेन पिछले कुछ समय से सिंगापुर में इलाज करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुंबई में डॉक्टरों से परामर्श लेने के बाद वह अपने परिवार के साथ सिंगापुर गए थे। हालांकि, उनकी बीमारी की प्रकृति और स्वास्थ्य में सुधार को लेकर स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मां रूपी सोरेन के निधन पर भी नहीं आ सके थे झारखंड
बसंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का हाल ही में रांची में निधन हो गया था। बताया गया कि स्वास्थ्य कारणों से बसंत सोरेन सिंगापुर से झारखंड नहीं लौट सके। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मां के निधन पर दुख भी जताया था।
फिलहाल, बसंत सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर परिवार की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।


