चतरा में अफीम की खेती, दूसरे राज्यों में हेरोइन का कारोबार!

Date:

झारखंड के चतरा जिले में अफीम की अवैध खेती को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने चतरा से प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया है। उस पर अपनी जमीन पर अफीम उगाकर नशा तस्करों को कच्चा माल सप्लाई करने का आरोप है।

 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में प्रकाश कुमार कथित तौर पर रुखसार अली को अफीम सप्लाई करता था। पुलिस का आरोप है कि रुखसार लखनऊ के जानकीपुरम में हेरोइन बनाने का काम करता था। वहां छापेमारी में 6.275 किलोग्राम हेरोइन के साथ नशीले पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण बरामद किए गए।

 

पुलिस के अनुसार, बदायूं से गिरफ्तार मोहम्मद अजहर के पास से 551 ग्राम हेरोइन, 9.81 लाख रुपये नकद और एक क्रेटा कार बरामद हुई। इस मामले में अब तक सात आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। पुलिस ने कुल 8.128 किलोग्राम हेरोइन, तीन एसयूवी, एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और 12.81 लाख रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई गई है।

 

चतरा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

 

चतरा में अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद तस्करी से जुड़े मामलों का सामने आना चिंता का विषय है। अब सवाल यह है कि खेतों में अफीम उगाने से लेकर दूसरे राज्यों में हेरोइन बनाने और उसकी सप्लाई करने तक फैले इस कथित नेटवर्क की बाकी कड़ियां कब सामने आएंगी?

 

अवैध खेती करने वालों से लेकर कच्चा माल खरीदने, उसकी ढुलाई करने और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों तक पूरे नेटवर्क की जांच जरूरी है। चतरा की पहचान और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए इस कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना बड़ी चुनौती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related