रांची:– गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर रांची के सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यालय में कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा इसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला नोडल पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. सीमा गुप्ता, DRCHO डॉ. असीम माझी, डॉ. तवा रिजीवी, डॉ. राजीव भूषण, परामर्शी सुशांत कुमार समेत अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि तंबाकू सेवन के कारण भारत में हर वर्ष 13 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु होती है। वहीं, झारखंड में करीब 38.9 प्रतिशत आबादी किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन करती है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर जागरूकता के साथ-साथ सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों तक तंबाकू का सेवन नहीं करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।


