रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में अंतिम संस्कार किया गया। पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान वह भावुक नजर आए।
रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए नेमरा लाया गया था। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सोरेन परिवार के सदस्यों के अलावा झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी नेमरा पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जानकारी के अनुसार, करीब 3:20 बजे गांव के पास नदी किनारे स्थित श्मशान घाट में रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार किया गया। इसी स्थान पर करीब एक साल पहले हेमंत सोरेन के पिता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार हुआ था।
रूपी सोरेन लंबे समय से बीमार चल रही थीं। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे रांची के हिल व्यू अस्पताल में उनका निधन हो गया था। उनके निधन की खबर के बाद सोरेन परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है।
रूपी सोरेन के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक जताया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।


