रांची :- धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ फोन पर कथित गाली-गलौज और धमकी देने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ दर्ज मामले में जल्द कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो राज्यभर के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी आंदोलन करेंगे।
धनबाद शाखा ने घटना के विरोध में पुलिसकर्मियों के काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने और ड्यूटी पर नहीं लौटने के फैसले के लिए केंद्रीय संगठन से अनुमति मांगी है।
एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू के अनुसार, 25 अगस्त को धनबाद शाखा से उन्हें मामले की जानकारी मिली। एसोसिएशन का आरोप है कि 21 अगस्त की रात बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को जयराम महतो ने फोन कर कथित तौर पर धमकी दी थी।
फिलहाल पुलिस एसोसिएशन की चेतावनी के बाद यह मामला और गरमा गया है। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है।


