बोकारो: अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विधायक जयराम महतो ने नावाडीह प्रखंड के बाराडीह गांव में एक बुजुर्ग महिला की स्थिति देखकर उनकी मदद की। महिला ने उनकी गाड़ी देखकर आवाज लगाकर अपना घर देखने का आग्रह किया था।
महिला की परेशानी जानने के बाद जयराम महतो उनके घर पहुंचे। बताया गया कि बुजुर्ग महिला अकेले रहती हैं। उनके पति, बेटा और बेटी कोई नहीं हैं। साथ ही, वह जन्म से ही दृष्टिहीन हैं। घर की हालत भी काफी जर्जर थी और बारिश के दौरान छत से पानी अंदर आने की समस्या थी।
स्थिति को देखते हुए विधायक ने तत्काल घर की मरम्मत और अल्बेस्टर लगाने के लिए आर्थिक सहयोग दिया। बताया गया कि गाड़ी में पर्याप्त नकद राशि नहीं होने के कारण उन्होंने कुछ नकद के साथ अपने निजी वेतन से चेक के जरिए भी सहायता की।
इसके अलावा बुजुर्ग महिला को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही गई।
जयराम महतो ने कहा कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना जनप्रतिनिधि के रूप में उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर राहत की मुस्कान देखना उनके लिए सबसे बड़ा सुकून है।
बाराडीह गांव की यह घटना जनप्रतिनिधि और आम लोगों के बीच सीधे जुड़ाव की एक तस्वीर भी सामने लाती है।


