नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया और पेपर लीक को गंभीर समस्या बताया।
सलमान खान ने लिखा कि यह एक शांतिपूर्ण आंदोलन था और इसे हिंसक रूप लेना दुखद है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग के लिए एकजुट हुए हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और शिक्षा के प्रति समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास देश के भविष्य को मजबूत बनाने वाला है। सलमान ने कहा कि आंदोलन अपनी मूल भावना में सही दिशा में था और छात्रों ने इसे शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया।
अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा से जुड़े इस मुद्दे को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनके अनुसार, इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए, जिन्होंने अपने भविष्य और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए आवाज उठाई है।
सलमान खान ने सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार छात्रों की बात सुनेगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा देश की सबसे बड़ी ताकत है और भारत को ऐसा शिक्षा केंद्र बनना चाहिए, जहां दुनिया भर से छात्र पढ़ाई के लिए आएं।



