रांची: हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन में करीब एक करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामदगी के मामले में झारखंड एटीएस ने जांच तेज कर दी है। अब इस मामले में पंजाब और आसपास के राज्यों के ड्रग्स तस्करों के कनेक्शन की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड एटीएस ने सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को पत्र भेजकर पंजाब और उसके आसपास के राज्यों में सक्रिय ड्रग्स तस्करों के बारे में जानकारी मांगी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन राज्यों के किन लोगों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। साथ ही आरोपितों के नाम और उनके पते की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
एटीएस इस मामले में संगठित तरीके से चल रहे ड्रग्स कारोबार के पहलुओं की जांच कर रही है। दूसरे राज्यों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, यह मामला 25 मई 2023 का है। उस दिन झारखंड एटीएस ने जीआरपी बरकाकाना के सहयोग से बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13026) में छापेमारी की थी। इस दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था और करीब एक करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की गई थी।
अब एटीएस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स की तस्करी में पंजाब और अन्य राज्यों के लोगों की क्या भूमिका थी और इस कारोबार का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।


