रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने पांच सांपों को बरामद किया है। इनमें दो रेड सैंड बोआ (दोमुंहे सांप) और तीन इंडियन कोबरा शामिल हैं। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर नियमित जांच के दौरान आरपीएफ की टीम को कुछ बांस की टोकरियों पर संदेह हुआ। जांच करने पर टोकरियों के अंदर सांप पाए गए।
बरामद सांपों में कुछ कोबरा के दांत टूटे हुए मिले। आरपीएफ को आशंका है कि सांपों से जुड़े अवैध कारोबार में उनके विष का इस्तेमाल या बिक्री की कोशिश की जा सकती थी। हालांकि, इस संबंध में आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
यह कार्रवाई वन्यजीवों की अवैध तस्करी और शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन WILEP (Wildlife Protection) के तहत आरपीएफ रांची पोस्ट की टीम ने की।
पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों की पहचान आनंद नाथ और अर्जू के रूप में हुई है। बरामद सांपों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित वन विभाग को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।


