रांची में JPSC और JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े छात्र आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर भाजपा ने सरकार पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर अंचलाधिकारी सह मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचे।
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई, जबकि पुतला दहन कार्यक्रम में कथित तौर पर छात्रों और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अधिकारियों से कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की।
मरांडी ने कहा कि अधिकारी सरकार के दबाव में काम करने की बजाय कानून और नियम के मुताबिक कार्रवाई करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित लोगों पर FIR दर्ज नहीं की गई तो वे मजिस्ट्रेट के कार्यालय के सामने धरना देंगे।
उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं और इन्हें कार्रवाई का आधार बनाया जाना चाहिए। इस दौरान दीपक प्रकाश, सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


