
देवघर: सावन की पहली सोमवारी पर झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। रविवार को ही करीब 1.5 लाख श्रद्धालु और कांवरिये देवघर पहुंच चुके थे। सोमवार को पहली सोमवारी के अवसर पर यह संख्या 2 लाख से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने रविवार तड़के बाबा मंदिर परिसर, विभिन्न प्रवेश मार्गों, पुलिस चौकियों और प्रशासनिक शिविरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जलार्पण की पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो।
श्रावणी मेले के दौरान लाखों शिवभक्त बिहार के सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। पहली सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर और पूरे शहर में सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। पहली सोमवारी को लेकर बाबा नगरी पूरी तरह शिवमय हो गई है और “बोल बम” तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

