बोकारो:- आजसू पार्टी की ओर से बुधवार को बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव सामुदायिक भवन में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मौजूद रहे। इस दौरान सैकड़ों युवाओं और महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना जनता का अधिकार है। राजनीतिक दलों की भी जिम्मेदारी है कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखें। उन्होंने कहा कि झारखंड में आम लोगों और मतदाताओं से जुड़े सवालों पर सरकार से जवाब मांगने वाली मजबूत आवाज दिखाई नहीं दे रही है।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार किसी व्यक्ति या वर्ग की संपत्ति नहीं है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है। इसलिए सरकारी योजनाओं और प्रशासन के कामकाज का आकलन सिर्फ घोषणाओं और प्रचार से नहीं, बल्कि जमीन पर आम लोगों को मिल रही सुविधाओं से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गरीब और साधनहीन लोगों को प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक अपनी समस्याओं को लेकर कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पैसे, पहुंच और प्रभाव रखने वालों की बात जल्दी सुने जाने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर व्यवस्था किसके लिए है।
शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
सुदेश महतो ने राज्य की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गांवों के स्कूलों में पढ़ाई की वास्तविक स्थिति क्या है और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर नियमित रूप से बैठते हैं या नहीं, इन सवालों का जवाब जमीन पर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और स्वास्थ्य कार्ड का फायदा तभी है, जब गरीब व्यक्ति अस्पताल पहुंचे तो उसे डॉक्टर, दवा, जांच और समय पर इलाज मिल सके। सिर्फ कागज पर स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी देने से गरीब का इलाज सुनिश्चित नहीं होता।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार की योजनाओं का मूल्यांकन विज्ञापनों से नहीं, बल्कि जनता के अनुभव से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता से सवाल पूछना लोकतंत्र का विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का जरूरी हिस्सा है। सरकार जनता पर एहसान नहीं करती, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेह होती है।
सैकड़ों युवाओं और महिलाओं ने ली पार्टी की सदस्यता
मिलन समारोह के दौरान सैकड़ों युवाओं और महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले लोगों का माला पहनाकर और बुके देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, डुमरी विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी, अध्यक्ष सचिन महतो, संचालनकर्ता नरेंद्र कुमार महतो, बेरमो विधानसभा प्रभारी काशीनाथ सिंह, केंद्रीय सचिव संतोष कुमार महतो, केंद्रीय सचिव नमन ठाकुर, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, जेली महतो, अश्विनी महतो, करण महतो, दुर्गा चरण महतो और प्रदीप महतो सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सदस्यता लेने वालों में संदीप चौधरी, रोशन कुमार, हेमंत, विकास, विशाल, अविनाश कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, सोनू महतो, उत्तम मुखर्जी, पूर्व वार्ड पार्षद आलोक, उत्तम कुमार पांडे, शशि कुमार झा और सौरभ पटेल समेत कई लोग शामिल रहे।


