झारखंड:– मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन के बाद सोरेन परिवार में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत परिवार के कई सदस्य बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में मौजूद हैं।
जानकारी के अनुसार, रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को अस्पताल से मोरहाबादी स्थित गुरुजी के आवास ले जाने की तैयारी की जा रही है। आज उनका पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित आवास पर रखा जाएगा, जहां परिवार के सदस्य, करीबी और शुभचिंतक अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा। वहीं उनका अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है। अंतिम संस्कार को लेकर परिवार में चर्चा चल रही है।
गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार भी उनके पैतृक गांव नेमरा में किया गया था। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अंतिम संस्कार से लेकर श्राद्ध कर्म तक नेमरा में ही रहे थे।
रूपी सोरेन के निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। परिवार और समर्थकों के बीच मातृशोक का माहौल बना हुआ है।


