रांची: विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत बेल्जियम से झारखंड आए विद्यार्थियों ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की और अपने झारखंड दौरे के अनुभव साझा किए।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें झारखंड विधानसभा द्वारा प्रकाशित पुस्तक “सदन संवाद” स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की।
विद्यार्थियों ने कहा कि झारखंड की जनजातीय संस्कृति, सामाजिक विविधता, परंपराएं, प्राकृतिक सुंदरता और यहां के लोगों का आत्मीय व्यवहार उन्हें काफी प्रभावित कर गया। उन्होंने कहा कि इस दौरे से उन्हें झारखंड को करीब से जानने और समझने का अवसर मिला।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि ऐसे स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के बीच आपसी समझ, दोस्ती और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं।

