रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को कई छात्र संगठनों ने संयुक्त बैठक की। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं पर चर्चा के बाद सभी संगठनों ने मिलकर आंदोलन का ऐलान किया और प्रशासन को 9 सूत्री मांगों पर कार्रवाई के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया।
बैठक में आदिवासी छात्र संघ, आजसू छात्र संघ, NSUI, झामुमो छात्र संगठन, हिंदू छात्र संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), SSAI और AISA के प्रतिनिधि शामिल हुए।
छात्र संगठनों ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी, सीटों में कटौती, लंबित शैक्षणिक मामलों, कर्मचारियों की शिकायतों और छात्रों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने मांग की कि पेन डाउन आंदोलन खत्म कर पढ़ाई सामान्य की जाए, NET, PhD और JRF से जुड़े मामलों का जल्द समाधान हो, बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू की जाए और जिन विभागों में सीटें कम की गई हैं, उन्हें फिर से बहाल किया जाए। खास तौर पर जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं की सीटें बढ़ाने की मांग की गई।
छात्र नेताओं ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो सभी संगठन मिलकर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि यह लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि DSPMU के सभी छात्रों के अधिकार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए है।
DSPMU में छात्र संगठनों का संयुक्त आंदोलन, 9 मांगों पर प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम
Date:

