रांची से रामगढ़ तक फैला था ब्राउन शुगर का नेटवर्क, पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

Date:

रामगढ़ :- झारखंड में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रामगढ़ जिले की रजरप्पा पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का संबंध रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र से लेकर रामगढ़ के रजरप्पा इलाके तक फैला हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में रांची के तीन और रामगढ़ के तीन लोग शामिल हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

बुधवार को रजरप्पा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 नवंबर की शाम करीब 5:10 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूटी पर सवार तीन लोग महुआटांड़ से बोरोबिंग की ओर आ रहे हैं। उनके पास ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थ होने की सूचना थी।

 

सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस ने बोरोबिंग पुल के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान शाम करीब 7:45 बजे स्कूटी से आ रहे तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई।

 

पुलिस ने उनकी पहचान रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के डडुआ, जोन्हा निवासी दिवाकर कुमार ठाकुर (28), इंद्रा आवास कॉलोनी निवासी कृष्णा नायक (32) और महुआदीपा निवासी आनंद लकड़ा (20) के रूप में की।

 

पूछताछ में सामने आए तीन कथित सप्लायर

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों ने रजरप्पा क्षेत्र के तीन लोगों से ब्राउन शुगर खरीदने की बात बताई। इनमें दीपक रजक (19), आकाश सिंह उर्फ गोंदु (23) और हेमंत राजभर (27) शामिल हैं।

 

पुलिस का कहना है कि तीनों युवक रजरप्पा क्षेत्र से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची और आसपास के इलाकों में इसकी बिक्री करते थे। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीनों कथित सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया।

 

दो वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त

 

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

 

त्योहारों के दौरान नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related